Pages

अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक पत्रिका हिन्दी चेतना का विमोचन






सीहोर, कैनेडा से प्रकाशित अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक पत्रिका का विमोचन नागरिक बैंक के पूर्व अध्यक्ष तथा संचालक श्री प्रकाश व्यास, नागरिक बैंक पूर्व अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल तथा समाजसेवी श्री अनिल पालीवाल ने किया। इस अंक का अतिथि सम्पादन साहित्यकार पंकज सुबीर ने किया है। सर्वप्रथम अतिथियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर पत्रिका के सम्पादक पंकज सुबीर का स्वागत किया। पत्रिका के विशेषांक के बारे में बोलते हुए पंकज सुबीर ने कहा कि हिन्दी चेतना का यह विशेषांक नई सदी की कहानी पर केन्द्रित है। नई सदी में जो कहानीकार सामने आये तथा जो नई कहानी सामने आई है उस पर यह विशेषांक केन्द्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि हिन्दी चेतना का प्रकाशन वैसे तो कैनेडा से किया जाता है किन्तु यह हिन्दी की एक महत्त्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक पत्रिका है। मुख्य अतिथि प्रकाश व्यास ने कहा कि पंकज सुबीर ने साहित्य के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं तथा सम्पादक के रूप में उनके पहले कदम का भी हिन्दी साहित्य में स्वागत किया जायेगा ऐसी पूरी उम्मीद है। तत्पश्वात सभी अतिथियों ने करतल ध्वनि के बीच हिन्दी चेतना के विशेषांक का विमोचन किया। इस अवसर पर पत्रिका का शब्द संयोजन तथा डिजाइनिंग करने वाले सनी गोस्वामी तथा शहरयार अमजद खान का भी स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन जयंत शाह ने किया। इस अवसर पर सर्वश्री उमेश शर्मा, चंद्रकांत दासवानी, सुनील भालेराव, हितेन्द्र गोस्वामी, संजय धीमान, श्रवण मावई, राजेंद्र शर्मा, सनी गोस्वामी, शहरयार अमजद खान, प्रशांत जोशी आदि उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ:

Post a Comment