
हिंदी प्रचारिणी सभा एवं हिंदी मार्खम बुक क्लब की ओर से गत ३ दिसम्बर को मिलिकं मिल्स लाइब्रेरी ७६०० कैनेडी रोड, मार्खम , ओंटेरियो, कनाडा में एक साहित्यिक संध्या का आयोजन किया गया | भारत से आए सुप्रसिद्ध व्यंग्यकार एवं लघुकथाकार श्री रामेश्वर काम्बोज 'हिमांशु' मुख्य अतिथि थे | हिंदी प्रचारिणी सभा के अध्यक्ष एवं हिंदी चेतना के प्रमुख सम्पादक श्री श्याम त्रिपाठी जी ने हिमांशु जी को हिंदी प्रचारिणी सभा की ओर से मान पत्र भेंट कर कार्यक्रम आरम्भ किया |
तदुपरांत
श्री रामेश्वर काम्बोज 'हिमांशु' ने 'हिन्दी चेतना' के प्रेम जनमेजय विशेषांक का विमोचन किया |

इस अवसर पर श्री रामेश्वर काम्बोज ने हिंदी चेतना की प्रशंसा करते हुए, प्रेम जनमेजय के जीवन और साहित्य के विषय में बहुत सुंदर और भावपूर्ण शब्द कहे | 'हिंदी चेतना' के सम्पादक मंडल को बधाई देते हुए उन्होंने कहा - 'हिंदी चेतना' आज विश्व की गिनी चुनी पत्रिकाओं में से एक है | आजकल भारत में भी इस स्तर की बहुत कम पत्रिकाएं रह गईं हैं | 'हिंदी चेतना' ही एक ऐसी पत्रिका है, जो विदेशों के हिन्दी साहित्यकारों के साथ- साथ भारत के साहित्यकारों को भी सम्मानित करती है | हिन्दी चेतना के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्होंने व्यंग्य यात्रा के संपादक प्रेम जनमेजय जी और हिन्दी चेतना के मुख्य संपादक श्याम त्रिपाठी को निस्वार्थ भाव से हिन्दी पत्रिकाओं को समर्पित व्यक्तित्व बताया | इसके बाद श्री कम्बोज जी ने लघुकथा की कला व उसके तत्त्वों पर बहुत सुन्दरता से विवेचना की | साथ ही 'हिंदी हायकू, तांका और चौका आदि विधाओं पर प्रकाश डाला और अपनी ३ सुंदर लघु कथाएँ सुनाकर श्रोताओं को मन्त्र मुग्ध कर दिया | उन्होंने श्रोताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसा शांतिमय वातावरण मैंने भारत में साहित्य अकेडमी के कार्यक्रमों में भी नहीं देखा| इसके बाद श्रोताओं ने काम्बोज जी से कुछ प्रश्न पूछे और उन्होंने बड़ी कुशलता और सहजता से उनके उत्तर दिए |
